2

करैरा में आईसर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर घायल, पिछोर से लौट रहे थे

2

शिवपुरी। जिले के करैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टीला के पास मंगलवार रात एक तेज रफ्तार आईसर गाड़ी ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक जितेन्द्र आदिवासी (पटैल) अपने दोस्त सुरेन्द्र झा, निवासी गल्ला मंडी करैरा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर पिछोर से करैरा की ओर लौट रहा था। रात के समय जब वे ग्राम टीला स्थित पावर हाउस के पास पहुँचे, तभी सामने से आ रही सफेद रंग की आईसर गाड़ी (क्रमांक MP 33 H 2146) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुँचे और डायल-112 की मदद से दोनों घायलों को तत्काल करैरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद जितेन्द्र पटैल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुरेन्द्र झा की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शिवपुरी रेफर कर दिया गया है।

पुलिस ने मृतक के भाई धर्मेन्द्र पटैल की शिकायत पर आईसर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार आईसर चालक की तलाश के साथ ही मामले की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *