सावधान! शिवपुरी में सक्रिय है शातिर लेडी गैंग: खनियाधाना में व्यापारी के बैग से 1 लाख पार, CCTV में कैद हुई वारदात

शिवपुरी। जिले में बैंक ग्राहकों को निशाना बनाने वाली एक बेहद शातिर और नकाबपोश महिला गैंग सक्रिय हो गई है। सोमवार को खनियाधाना कस्बे के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में दो महिलाओं ने सतीश ट्रेडर्स के संचालक सतीश कुमार जैन को अपना निशाना बनाया। महिलाओं ने बैंक के भीतर ही व्यापारी का ध्यान भटकाया और उनके बैग में रखे एक लाख रुपए लेकर चंपत हो गईं। एक महीने के भीतर जिले में चोरी की यह दूसरी समान घटना है, जिससे व्यापारियों और बैंक ग्राहकों में हड़कंप मचा हुआ है।
खनियाधाना में सतीश ट्रेडर्स के संचालक सतीश कुमार जैन सोमवार को बैंक में एक लाख रुपए जमा करने पहुंचे थे। जब वे बैंक के अंदर जमा पर्ची (स्लिप) भर रहे थे, तभी दो नकाबपोश महिलाएं उनके पास आकर खड़ी हो गईं। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, एक महिला ने व्यापारी को कवर कर उनका ध्यान भटकाया, जबकि दूसरी महिला ने पीछे से बैग में रखी पॉलीथिन से एक लाख रुपए निकाल लिए। जब सतीश जैन पैसे जमा करने के लिए काउंटर पर पहुंचे, तब उन्हें चोरी का पता चला।
15 सेकंड में ब्लेड से काटा था बैग
जिले में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 7 अप्रैल को करैरा में भी बिल्कुल इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया गया था। वहाँ एसबीआई कियोस्क संचालक आकाश श्रीवास्तव के बैग को महज 15-20 सेकंड में ब्लेड से काटकर महिलाओं ने 90 हजार रुपए निकाल लिए थे। उस घटना में भी एक युवती ने पीड़ित को बातचीत में उलझाया था और दूसरी ने पीछे से वारदात को अंजाम दिया था।
इन दोनों घटनाओं में महिलाओं द्वारा बैंक के अंदर और बाहर ग्राहकों की रेकी करने का तरीका लगभग एक जैसा ही है। करैरा और खनियाधाना, दोनों ही मामलों में संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। घटनाओं के तरीके को देखते हुए यह आशंका पुख्ता हो गई है कि जिले में बैंक ग्राहकों को निशाना बनाने वाली कोई संगठित महिला गैंग सक्रिय है। फिलहाल खनियाधाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अब तक आरोपियों का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
