सीमा पर तैनात जवान के साथ सिस्टम की जंग: रजिस्ट्री के बाद भी पटवारी ने रोका नामांतरण, जनसुनवाई में पहुँचा मामला

शिवपुरी। जिले के नोहरीकला क्षेत्र में एक रक्षक ही सरकारी तंत्र की लापरवाही का शिकार हो रहा है। जम्मू-कश्मीर में देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात CRPF जवान राजकुमार शर्मा को अपने हक के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। आज जिला कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में जवान ने आवेदन देकर पटवारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
रजिस्ट्री के 3 साल बाद भी फाइल अटकी
पीड़ित जवान राजकुमार शर्मा, जो 35वीं बटालियन CRPF जम्मू-कश्मीर में CT/GD के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि उन्होंने 28 फरवरी 2023 को ग्राम नोहरीकला (सर्वे नं. 853/1) में 3000 वर्ग फीट का एक प्लॉट दीपक जैन से खरीदा था। रजिस्ट्री होने के बाद नियम अनुसार नामांतरण हो जाना चाहिए था, लेकिन हल्का पटवारी द्वारा आज तक नामांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है।
पड़ोसी का काम हुआ, जवान का क्यों रोका?
आवेदन में जवान ने आरोप लगाया है कि उनके साथ ही उनके बगल वाले प्लॉट की भी रजिस्ट्री हुई थी, जिसका नामांतरण पटवारी द्वारा कर दिया गया है। लेकिन प्रार्थी राजकुमार शर्मा के नामांतरण पर रोक लगा दी गई है। जब जवान ने इस बारे में बात की, तो उसे सर्वे क्रमांक 853/1 का हवाला देकर काम रोकने की बात कही गई, जबकि जवान का कहना है कि उनकी भूमि स्पष्ट है।
ड्यूटी छोड़कर चक्कर लगाने को मजबूर
CRPF जवान का कहना है कि दूरदराज के संवेदनशील क्षेत्र में तैनात होने के कारण उन्हें बार-बार छुट्टी नहीं मिलती। नामांतरण न होने के कारण उन्हें बार-बार शिवपुरी आना पड़ रहा है, जिससे उनकी ड्यूटी और व्यक्तिगत जीवन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर महोदय से निवेदन किया है कि संबंधित पटवारी पर सख्त कार्यवाही की जाए और उनका नामांतरण जल्द से जल्द कराया जाए ताकि वह निश्चिंत होकर देश सेवा कर सकें।
