swatantra shivpuri 41

फौती नामांतरण के बदले पटवारी भार्गव ने मांगी 5 हजार की रिश्वत, विधवा ने कलेक्टर से की शिकायत

swatantra shivpuri 41

शिवपुरी। जिले के करैरा तहसील के ग्राम चिरली में एक पटवारी द्वारा फौती नामांतरण के एवज में रिश्वत मांगने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपा और पटवारी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।

पति की मौत के 5 साल बाद भी नहीं हुआ नामांतरण
जानकारी के अनुसार ग्यासो बेवा लखनलाल लोधी ने बताया कि उनके पति की मृत्यु 20 दिसंबर 2021 को हो गई थी। पति के नाम पर ग्राम चिरली में विभिन्न सर्वे नंबरों (1495, 1497, 1498 आदि) पर कृषि भूमि दर्ज है। नियमानुसार पति की मृत्यु के बाद भूमि का फौती नामांतरण उनकी पत्नी और बच्चों के नाम होना था, लेकिन पटवारी की लापरवाही के कारण यह आज तक लंबित है।

कर्ज लेकर चुकाई राशि, फिर भी मांगी रिश्वत
पीड़िता का आरोप है कि पटवारी रुवी भार्गव ने पहले पीएम किसान योजना की राशि का भुगतान करने का दबाव बनाया। महिला ने किसी तरह ₹10,000 का कर्ज लेकर उक्त राशि जमा की। इसके बाद जब उन्होंने नामांतरण और पीएम किसान का फॉर्म ऑनलाइन करने के लिए कहा, तो पटवारी ने ₹5,000 की रिश्वत की मांग की। पटवारी ने स्पष्ट कह दिया कि जब तक पैसे नहीं मिलेंगे, तब तक नामांतरण और ऑनलाइन आवेदन का काम नहीं होगा।

योजनाओं के लाभ से वंचित परिवार
समय पर फौती नामांतरण न होने के कारण परिवार को शासन की महत्वपूर्ण पीएम किसान योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। आर्थिक तंगी से जूझ रही विधवा महिला ने अब प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने मांग की है कि उनकी भूमि का फौती नामांतरण कराया जाए और भ्रष्टाचार करने वाले पटवारी रवी भार्गव पर कड़ी दंडात्मक कार्यवाही की जाए।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *