30 लाख की चोरी और पुलिस की लापरवाही, 11 महीने बाद इंसाफ के लिए कलेक्टर के पास पहुँचा पीड़ित

शिवपुरी। जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाचरौन चौराहा निवासी एक परिवार पिछले 11 महीनों से इंसाफ के लिए दर-दर भटक रहा है। जून 2025 में हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पीड़ित आनंद शर्मा ने मंगलवार को कलेक्टर को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
शादी में गया था परिवार, पीछे से साफ हो गया घर
प्रार्थी आनंद शर्मा ने बताया कि 5 जून 2025 को जब उनका परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने शिवपुरी गया था, तभी अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर घर में सेंध लगाई। चोरों ने घर से लगभग 18 से 20 तोला सोना, आधा किलो चांदी और 85,000 रुपये नकद पार कर दिए थे। पीड़ित के अनुसार, कुल चोरी लगभग 25 से 30 लाख रुपये की है, जबकि पुलिस ने FIR में केवल 4 लाख की चोरी दर्शाई है।
CCTV फुटेज होने के बाद भी खाली हाथ है पुलिस
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पुलिस के पास घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज मौजूद है, जिसमें चोर चोरी के बाद एक गुमटी के पास रुकते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि पुलिस ने इस ठोस सबूत के बावजूद सख्ती से पूछताछ नहीं की। प्रार्थी ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे थाने जाते हैं, तो उन्हें ‘काम का बोझ’ बताकर भगा दिया जाता है।
बेटी की शादी पर संकट
आनंद शर्मा ने भावुक होते हुए बताया कि उनकी पत्नी दिव्यांग है और वे स्वयं मानसिक रूप से परेशान हैं। चोरी गए जेवरात उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए बनवाए थे, लेकिन अब सब कुछ लुट जाने के कारण वे बेटी का विवाह करने में भी असमर्थ हैं।
कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग
पीड़ित ने कलेक्टर से मांग की है कि पिछोर पुलिस की लापरवाही की जांच कराई जाए और प्रकरण की पुनः विवेचना कर माल बरामद किया जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
