हनुमान प्रतिमा कुएं में फेंकने वाला गिरफ्तार: न रहेगा भगवान, न खानी पड़ेगी कसम-सनकी युवक का अजीब तर्क

शिवपुरी। खबर जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र के कूड़ा राई गांव से है। जहां के निर्माणाधीन हनुमान मंदिर से प्रतिमा चोरी कर कुएं में फेंकने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए 27 वर्षीय हरवंश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई शुरू हो गई है। उसके खिलाफ धारा 298 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक आक्रोश की लहर पैदा कर दी थी।
घटना रविवार को सामने आई थी, जब फरियादी मोहन शाक्य ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मंदिर की कुटिया में रखी प्रतिमा गायब है। जांच के दौरान पुलिस ने कुएं से प्रतिमा बरामद कर ली थी। शिवपुरी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही हरवंश यादव से पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला कारण बताया ग्रामीणों द्वारा कसम खिलाने से नाराज होकर उसने यह हरकत की। उसका कहना था कि अगर गांव में भगवान ही नहीं रहेंगे, तो उसे कसम नहीं खानी पड़ेगी। हैरानी की बात यह भी है कि उसके ही परिवार ने मंदिर निर्माण में करीब 60 हजार रुपये का सहयोग दिया था। 21 मई को प्रस्तावित प्राण प्रतिष्ठा से पहले हुई इस घटना ने गांव में तनाव बढ़ा दिया था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला अब नियंत्रण में है।
