IPL सट्टे की बलि चढ़ा 24 साल का अमन: 5 लाख हारने के बाद ससुाईड नोट में 3 लोगों के नाम लिखे और खा लिया जहर…

शिवपुरी। जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में आईपीएल सट्टे की लत ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। यहां एक 24 वर्षीय युवक अमन भार्गव ने सट्टे में लाखों रुपये हारने और कर्जदारों के दबाव में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। रविवार देर रात इलाज के दौरान झांसी में उसकी मौत हो गई।
अमन की हालत बिगड़ने पर उसे झांसी अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें अमन ने लिखा है कि वह आईपीएल सट्टे में करीब 5 लाख रुपये हार गया था। कर्ज के बढ़ते बोझ और मानसिक तनाव के कारण वह यह आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हुआ।
सुसाइड नोट में अमन ने अपनी मौत के लिए शिवम यादव, राहुल राजपूत और चंदू यादव को जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों का आरोप है कि इन लोगों ने उसे सट्टे के लिए उकसाया और कर्ज के लिए प्रताड़ित किया।
मृतक की मां और अन्य परिजनों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिनारा थाने पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सुसाइड नोट और बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
