सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर: 30 झोपड़ियां ध्वस्त, भेदभाव के आरोपों से घिरा प्रशासन

शिवपुरी। शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए माधव राव सिंधिया खेल परिसर की पार्किंग के पीछे अमन गार्डन क्षेत्र में करीब 30 झोपड़ियां हटवा दीं। तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा और सीएमओ इशांक धाकड़ की मौजूदगी में जेसीबी से यह कार्रवाई की गई, जिसमें एक पक्का निर्माण भी ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि बाहरी लोगों द्वारा सुनियोजित तरीके से कब्जा किया जा रहा था, जिसकी सूचना मिलने पर तत्काल कदम उठाया गया।
कार्रवाई के दौरान प्रभावित परिवारों में आक्रोश भी देखने को मिला। झोपड़ी खोने वाली सुनीता परिहार ने प्रशासन पर भेदभाव के गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि इलाके में कई प्रभावशाली लोगों के पक्के कब्जे जस के तस हैं, लेकिन गरीब मजदूरों को ही निशाना बनाया गया। अचानक हुई कार्रवाई से दर्जनों परिवारों के सामने रोजी-रोटी और आश्रय का संकट खड़ा हो गया है।
तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा ने साफ कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
