शिवपुरी में स्वच्छता अभियान तेज, पॉलिथीन जप्ती और अव्यवस्था पर सख्त कार्रवाई

शिवपुरी। शहर में बढ़ती गंदगी एवं अव्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नगर पालिका और नगर परिषद के सीएमओ को सफ़ाई अभियान के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार नगर पालिका शिवपुरी द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीएमओ इशांक धाकड़ द्वारा किया गया। प्रातः 7 बजे से प्रारंभ हुए इस अभियान के तहत माधव चौक से फिजिकल क्षेत्र तक व्यापक सफाई एवं निरीक्षण कार्य किया गया। इस दौरान माधव चौक स्थित दुकानों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक पॉलिथीन के उपयोग के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पॉलिथीन जप्त की गई। साथ ही जिन दुकानदारों द्वारा अपने प्रतिष्ठानों के सामने गंदगी फैलाई जा रही थी, उन्हें सख्त हिदायत देते हुए स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान जूस सेंटर, चाय स्टॉल, पान दुकानों एवं होटल संचालकों को अनिवार्य रूप से कचरा पात्र रखने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका टीम द्वारा पैदल मार्च करते हुए आमजन एवं व्यापारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
इसी क्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा ठेला चालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपने ठेले मुख्य सड़क पर न लगाएं, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित होती है। उन्हें अपने ठेले निर्धारित स्थानों पर पीछे लगाने हेतु समझाइश दी गई। जो ठेले सड़क पर आगे पाए गए, उन्हें तत्काल हटवाकर पीछे करवाया गया तथा भविष्य में नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान लापरवाही बरतने वाले क्षेत्रीय दरोगा के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन काटा गया। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि स्वच्छता एवं व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
