swatantra shivpuri 31

बिजली लाइन जोड़ते समय खंभे से गिरे दो भाई: करंट लगने से चचेरे भाई की मौत, दूसरा गंभीर घायल

swatantra shivpuri 31

शिवपुरी। जिले के इंदार थाना क्षेत्र के अम्हारा गांव में बिजली लाइन सुधारने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। खंभे पर चढ़कर बिजली की लाइन जोड़ रहे दो चचेरे भाई अचानक करंट की चपेट में आ गए और ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। इस भीषण हादसे में रविंद्र यादव नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई राजपाल यादव गंभीर रूप से झुलस गया है। राजपाल की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया है।

ग्रामीणों के अनुसार, अम्हारा गांव में पिछले तीन दिनों से बिजली की आपूर्ति पूरी तरह ठप थी। बिजली न होने से परेशान ग्रामीणों ने जब इसकी शिकायत की, तो परिजनों का आरोप है कि लाइनमैन अरविंद कुशवाह खुद मौके पर नहीं आया। लाइनमैन ने ग्रामीणों से कहा कि वह परमिट दिलवा देता है और परमिट मिलने के बाद वे खुद ही लाइन जोड़ लें। परिजनों ने बताया कि जब लाइनमैन और माढ़ा फीडर के ऑपरेटर ने परमिट मिलने की पुष्टी कर दी, तभी दोनों भाई खंभे पर चढ़े थे।

हैरानी की बात यह है कि जब दोनों भाई खंभे पर चढ़कर काम कर रहे थे, तभी अचानक बिजली की सप्लाई चालू हो गई। तेज करंट लगने के कारण दोनों भाई संभल नहीं पाए और सीधे जमीन पर आ गिरे। आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने रविंद्र को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अब इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, विशेषकर बिजली विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही और बिना सुरक्षा उपकरणों के ग्रामीणों से काम करवाने के आरोपों की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *