बैराड पुलिस ने एक दिन में 160 लीटर कच्ची शराब जब्त कर 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

शिवपुरी। अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बैराड पुलिस ने 4 मई 2026 को एक ही दिन में दो बड़ी रेड डालकर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। अलग-अलग स्थानों पर की गई छापेमारी में पुलिस ने कुल 160 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब जब्त की, जिसकी कीमत करीब 42 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जिससे क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पहली कार्रवाई दोपहर के समय ग्राम जरियाकलां के बालाजी मंदिर के पास की गई, जहां मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरधारी पुत्र शास्त्री शर्मा (24) और आकाश पुत्र शास्त्री शर्मा (22) निवासी जरियाकलां को पकड़ लिया। इनके कब्जे से 60 लीटर कच्ची शराब भरी दो केन बरामद की गईं।
वहीं दूसरी कार्रवाई सुबह के समय पुराना रेस्ट हाउस परिसर बैराड में की गई, जहां पुलिस ने हेमंत पुत्र रामस्वरूप रावत (30) निवासी कालामढ़ और दीपक पुत्र रामस्वरूप योगी (38) निवासी पुराना थाना बैराड को गिरफ्तार कर उनके पास से 100 लीटर कच्ची शराब जब्त की। दोनों ही जगह आरोपी पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश शर्मा, सउनि हरिओम पाण्डेय, प्रआर हरिओम जाटव, आरक्षक लालसिंह भील, ज्ञानसिंह रावत, गिर्राज त्यागी, अखलेश धाकड़, मनीष परिहार सहित पूरी टीम की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब और नशे के कारोबार पर इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
