swatantra shivpuri 29

SHIVPURI में पानी के लिए सड़कों पर उतरी जनता: 15 दिन से सूखी टोंटियां, लगाया जाम, प्रदर्शन में युवक घायल

swatantra shivpuri 29

शिवपुरी। शहर में गहराते जल संकट ने अब जनआक्रोश का रूप ले लिया है। सिंध जलावर्धन योजना से पानी की सप्लाई ठप होने के कारण फिजिकल क्षेत्र की संजय कॉलोनी के रहवासियों ने सोमवार को मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। हालात इतने गंभीर हैं कि पिछले 15 दिनों से घरों में नल सूखे पड़े हैं और लोग पीने के पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। मजदूर वर्ग पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ा है जो टैंकर का पानी खरीदने में असमर्थ हैं और रोजी-रोटी छोड़कर पानी की जुगाड़ में लगे हैं।

इस संकट की जड़ 24 अप्रैल से बंद पड़ी जल आपूर्ति है, जो फिल्टर प्लांट की तीन में से दो मोटरों के खराब होने के कारण ठप हो गई। नगर पालिका मरम्मत का दावा कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत में लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। गुस्साए लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जाम लगा दिया, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।

जाम के दौरान स्थिति उस वक्त और बिगड़ गई जब भुवनेश भार्गव नाम के युवक ने एक लोडिंग वाहन को रोकने की कोशिश की। वाहन में सवार लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया और उसके माथे से खून बहने लगा। घटना के बाद मौके पर तनाव बढ़ गया, लेकिन सूचना मिलते ही फिजिकल थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ पहुंचे और करीब एक घंटे बाद स्थिति को संभालते हुए जाम खुलवाया।

मौके पर पहुंचे नगर पालिका के ईई सचिन चौहान ने लोगों को आश्वासन दिया कि संजय कॉलोनी में टैंकरों के जरिए पानी पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फिलहाल शहर में 60 टैंकर संचालित किए जा रहे हैं, जिनकी संख्या बढ़ाई जा रही है। साथ ही, खराब मोटरों की मरम्मत तेज गति से जारी है और उम्मीद जताई जा रही है कि मंगलवार शाम तक जल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *