आंधी बनी मौत का कारण: शिवपुरी में दूसरी मौत, ग्वालियर में घायल ने तोड़ा दम

शिवपुरी। शहर में आई तेज आंधी अब जानलेवा साबित हो रही है। पोलो ग्राउंड की दीवार गिरने से घायल रन्नौद निवासी गिरजेश चंद्र आचार्य ने ग्वालियर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही आंधी से मौत का आंकड़ा दो पहुंच गया है, जिससे शहर में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को आई तेज आंधी के दौरान पोलो ग्राउंड की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई थी, जिसकी चपेट में तीन लोग आ गए थे। इनमें गिरजेश चंद्र आचार्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें पहले जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर ग्वालियर रेफर किया गया, जहां रविवार रात करीब 10 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
गौरतलब है कि इसी आंधी में एक अन्य हादसे में पुरानी शिवपुरी निवासी 50 वर्षीय ऑटो चालक रहीस खान की भी मौत हो चुकी है। वे नवग्रह मंदिर के पास आंधी से बचने के लिए रुके थे, तभी होर्डिंग और मलबा गिरने से घायल हो गए थे। जिले भर में आंधी ने भारी तबाही मचाई—कहीं पेड़ गिरे, कहीं होर्डिंग और पोल, तो कहीं आगजनी की घटनाएं हुईं जिससे प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
