उपार्जन में लापरवाही पर एक्शन: अवैध वसूली पर नोटिस, अनुपस्थित अधिकारियों से मांगा जवाब

शिवपुरी। जिले में चल रहे गेहूं उपार्जन कार्य में अनियमितताओं पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर निरीक्षण के दौरान सामने आई गड़बड़ियों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित समिति प्रबंधकों और नोडल अधिकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट कर दिया है कि किसानों से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान शशिचंद्र वेयरहाउस कांकर और पाण्डेय वेयरहाउस सिरसौद (करैरा) में किसानों से तुलाई के नाम पर अवैध रूप से पैसे मांगने की शिकायत सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर सेवा सहकारी संस्था सतनवाड़ा के प्रबंधक रविशंकर धाकड़ और दिनारा के प्रबंधक देवेंद्र यादव को कारण बताओ नोटिस जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसके अलावा कई उपार्जन केंद्रों पर नोडल अधिकारियों की अनुपस्थिति भी पाई गई। पिपरसमा, दिनारा, टोडापिछोर और करही केंद्रों पर तैनात अधिकारियों के मौके से गायब रहने पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर वर्मा स्वयं उपार्जन व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित निरीक्षण कर किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने दें।
