SHIVPURI NEWS-आंधी बनी काल: मलबा गिरने से ऑटो चालक की मौत, सिर में गंभीर चोट से तोड़ा दम

शिवपुरी। शनिवार को आई तेज आंधी अब जानलेवा साबित हुई है। आंधी के दौरान मलबा गिरने से गंभीर रूप से घायल हुए 50 वर्षीय ऑटो चालक रहीस खान (निवासी पुरानी शिवपुरी) की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना ने शहर में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, रहीस खान नवग्रह मंदिर के पास थीम रोड से गुजर रहे थे। तेज आंधी को देखते हुए उन्होंने एहतियातन ऑटो खड़ा कर जनता एग्रो एजेंसी के पास शरण ली। इसी दौरान एजेंसी की छत पर लगा होर्डिंग और ईंट-पत्थर अचानक गिर पड़े, जिसकी चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट और पसलियां टूटने की पुष्टि की। हालत नाजुक होने के चलते शनिवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

