शादी से लौट रही महिला के साथ लूट: BIKE से गिरने आई गंभीर चोट, झांसी में मौत, अब 4 थानों की पुलिस चकरगिन्नी, SP भी पहुंचे मौके पर

शिवपुरी। जिले के पिछोर अनुभाग अंतर्गत अछरौनी मार्ग पर शुक्रवार की रात लूट की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों द्वारा चांदी की करधनी (कमरपेटी) लूटने के प्रयास में एक 42 वर्षीय महिला बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी इलाज के दौरान झांसी में मौत हो गई। इस घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश है और पुलिस अधीक्षक सहित भारी पुलिस बल मौके पर जांच में जुटा है।
जानकारी के अनुसार, राजपुर निवासी मीना लोधी (42 वर्ष) शुक्रवार की रात करीब 8:30 बजे अपने परिजनों के साथ बामौरकला से एक शादी समारोह से बाइक पर सवार होकर घर लौट रही थी। जैसे ही उनकी बाइक अछरौनी के पास नहर के समीप पहुँची, पीछे से आए एक अज्ञात मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने चलती बाइक पर महिला की कमर में बंधी चांदी की करधनी पर झपट्टा मार दिया।
बदमाशों के अचानक हमले और करधनी खींचने के कारण चलती मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया। बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से महिला सड़क पर सिर के बल गिरी, जिससे उनके सिर में गहरी और गंभीर चोटें आईं। सिर में लगी चोट इतनी घातक थी कि मीना लोधी मौके पर ही बेहोश हो गईं। राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत अछरौनी लाया गया, जहाँ से नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तत्काल झांसी रेफर किया गया। शनिवार को झांसी में उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
लूट के दौरान हुई मौत की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शनिवार को पुलिस अधीक्षक (SP), पिछोर एसडीओपी (SDOP) और पांच थानों की पुलिस टीम अछरौनी घटना स्थल पर पहुँची। घटना के बाद से खनियाधाना, पिछोर, मायापुर, बामौरकला सहित 4 थानों की पुलिस की सायबर टीम और स्थानीय बल आसपास के ढाबों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को खंगाल रहे हैं ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि पुलिस घटना के बाद से ही परिजनों के संपर्क में थी। उन्होंने कहा, महिला की झांसी में मौत हो गई है। परिजन शव को लेकर वापस लौट रहे हैं। जैसे ही शव पहुँचता है, उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
