उपार्जन व्यवस्था पर कलेक्टर का सख्त रुख: लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अधिकारियों को सतत निगरानी के निर्देश

शिवपुरी। जिले में गेहूं उपार्जन व्यवस्था को लेकर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी राजस्व अधिकारियों को लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के आदेश के बाद अधिकारी मैदान में उतर गए हैं और उपार्जन केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। डिप्टी कलेक्टर अजय शर्मा ने बैराड़ केंद्र का निरीक्षण किया, जबकि डिप्टी कलेक्टर शिवदयाल धाकड़ ने मलावनी और कमालपुर पिछोर केंद्रों की व्यवस्थाएं परखी। निरीक्षण के दौरान टोकन वितरण, बारदाना उपलब्धता, गेहूं की गुणवत्ता, परिवहन और भुगतान की स्थिति की बारीकी से जांच की गई।
प्रशासन द्वारा केवल तुलाई व्यवस्था ही नहीं, बल्कि किसानों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केंद्रों पर पेयजल, छाया और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया गया, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि उपार्जन प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर अर्पित वर्मा खुद भी लगातार उपार्जन केंद्रों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस सख्त रुख से साफ है कि इस बार उपार्जन व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
