शिवपुरी में तेज आंधी और बारिश ने मचाई भीषण तबाही: छत से गिरकर महिला-किशोरी घायल, मलबे में दबे तीन लोग, कई जगह गिरे पेड़

शिवपुरी। जिले में अचानक आए भीषण चक्रवाती तूफान और तेज आंधी ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक भारी तबाही मचाई है। करीब एक घंटे तक चली इस तेज रफ्तार आंधी के बाद हुई बारिश ने हालातों को और भी बिगाड़ दिया। जिले भर में इस आपदा के कारण पेड़, दीवारें, हाईमास्ट पोल और होर्डिंग गिरने के साथ-साथ आगजनी की घटनाएं भी सामने आई हैं।
आंधी इतनी शक्तिशाली थी कि शहर के पोलो ग्राउंड की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे के नीचे दबने से खुडा बस्ती निवासी बृजेंद्र उर्फ गोलू, रन्नौद के गिरजेश चंद्र आचार्य और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तबाही का सिलसिला यहीं नहीं रुका
शहर के फतेहपुर और गौशाला क्षेत्र में हवा की रफ्तार ने दिल दहला देने वाली घटनाओं को अंजाम दिया। फतेहपुर में 16 वर्षीय किशोरी अनुरती और गौशाला क्षेत्र में रामदेवी लोधी अपनी-अपनी छतों पर मौजूद थीं, तभी हवा के प्रचंड झोंके ने उन्हें पहली मंजिल से नीचे गिरा दिया। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है। इसके अलावा, बस स्टैंड पर राजस्थान से घूमने आए युवक बादल आदिवासी के सिर में भी हवा में उड़कर आई किसी वस्तु के लगने से गहरी चोट आई है।
शहर के विभिन्न हिस्सों में पेड़ों के गिरने से वाहनों को भी भारी नुकसान पहुँचा है। माधव चौक स्थित सुभात मस्जिद के पास एक विशाल नीम का पेड़ गिरने से दो बाइक और एक स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि इंडस्ट्रियल एरिया में एक कार पेड़ की चपेट में आ गई।
इसी तरह पोस्टमार्टम हाउस और कोतवाली के पास भी पेड़ों के गिरने से यातायात बाधित हुआ। छत्री रोड पर बिजली के तारों के आपस में टकराने से पेड़ों में करंट फैल गया, जिससे राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया। वहीं, परशुराम चौराहे पर नगर पालिका का भारी लोहे का होर्डिंग भी खतरनाक तरीके से झुक गया है, जो किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
ग्रामीण अंचलों और हाईवे पर भी आंधी का कहर साफ देखने को मिला। कोलारस थाना क्षेत्र के पूरनखेड़ी टोल प्लाजा पर लगा एक हाईमास्ट लाइट का विशाल पोल टूटकर पास के होटल पर जा गिरा, हालांकि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।
वहीं, नरवर तहसील के इमलिया, सिमरिया और पारागढ़ गांवों में तेज हवाओं के बीच अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के लिए दमकल की चार गाड़ियां और पानी के टैंकर लगातार मशक्कत कर रहे हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं मिली है, लेकिन जिलेभर में संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है।
