एक करोड़ की जमीन के लालच में बेटों ने साजिश रच पिता को शिवपुरी के नशा मुक्ति केंद्र में करवा दिया भर्ती

शिवपुरी। जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गुना जिले के श्यामपुर निवासी गंगाराम रघुवंशी को उनके ही बेटों पर जबरन नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराने का आरोप लगा है। पीड़ित के चचेरे भाई जगदीश रघुवंशी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि जमीन विवाद के चलते यह साजिश रची गई।
जानकारी के अनुसार, करीब 17 बीघा जमीन (कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये) के नामांतरण को लेकर मामला एसडीएम न्यायालय में लंबित है। आरोप है कि 20 अप्रैल को बेटों ने गंगाराम को शादी समारोह से अगवा कर शिवपुरी के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करा दिया, ताकि वह 30 अप्रैल की कोर्ट तारीख पर पेश न हो सकें।
वहीं केंद्र प्रबंधन का कहना है कि गंगाराम को नशे की हालत में लाया गया था और दस्तावेजों के आधार पर भर्ती किया गया। हालांकि, आपत्ति के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। बाहर आने पर गंगाराम ने साफ कहा कि मेरे ही बेटे जमीन हड़पने के लिए मुझे फंसाना चाहते हैं। अब मामला पुलिस जांच में है।
