हेलमेट नहीं तो चालान, पहनोगे तो माला से सम्मान: शिवपुरी में पुलिस का अनोखा अभियान

शिवपुरी। कोतवाली पुलिस ने सड़क सुरक्षा माह के तहत ग्वालियर बायपास पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाकर बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर सख्ती दिखाई। इस दौरान 15 दोपहिया चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 4500 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले व सीएसपी संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में लोगों को हेलमेट के महत्व के प्रति जागरूक भी किया गया। पुलिस ने सड़क हादसों में सिर की सुरक्षा के लिए हेलमेट को सबसे जरूरी बताया।
अभियान की खास बात यह रही कि नियमों का पालन करने वाले चालकों को कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने माला पहनाकर सम्मानित किया। इससे एक ओर जहां नियम तोड़ने वालों में संदेश गया, वहीं नियम मानने वालों को प्रोत्साहन भी मिला।
Advertisement
