SHIVPURI NEWS-हाईवे पर फिर मौत का मंजर: दो नीलगायों की दर्दनाक मौत, सेवा में आगे आए कल्लू महाराज

शिवपुरी। करैरा के झांसी-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर काली पहाड़ी और थदरा चौकी के बीच तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से दो नीलगायों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद दोनों नीलगाय सड़क किनारे तड़पती रहीं, लेकिन समय पर कोई मदद नहीं मिल सकी, जिससे उनकी जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही गौ सेवा समिति के अध्यक्ष कल्लू महाराज मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से मृत नीलगायों को सड़क से हटाकर सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया। उन्होंने हाईवे पर लगातार हो रहे ऐसे हादसों पर गहरा आक्रोश जताते हुए कहा कि पशु-पक्षियों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम नहीं किए जा रहे, जिससे आए दिन बेजुबान जानवरों की जान जा रही है।
कल्लू महाराज ने सरकार से हाईवे पर सुरक्षा इंतजाम, संकेतक, बैरिकेडिंग और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने “पशु-पक्षी सुरक्षा अभियान” चलाने का आह्वान करते हुए कहा कि बेजुबान जीवों की रक्षा करना समाज की साझा जिम्मेदारी है, वरना विकास की रफ्तार के बीच संवेदनाएं यूं ही दम तोड़ती रहेंगी।
