नरवाई की आग बनी आफत: 300 साल पुराना इमली का पेड़ जला, बिजली व्यवस्था ठप

शिवपुरी। जिले के इंदार थाना क्षेत्र के बिजरौनी गांव में गुरुवार दोपहर नरवाई में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। दोपहर करीब 3 बजे शुरू हुई आग तेजी से फैलती हुई आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच गई और सैकड़ों साल पुराना विशाल इमली का पेड़ भी इसकी चपेट में आ गया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि गांव में दहशत का माहौल बन गया।
आग के चलते कई पेड़ जलकर क्षतिग्रस्त हो गए, वहीं एक पेड़ गिरने से बिजली के तीन खंभे टूट गए, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गेहूं की नरवाई जलाने के कारण यह आग भड़की, जो देखते ही देखते बेकाबू हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के लिए तीन दमकल गाड़ियां लगाई गईं। ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद देर रात करीब 2 बजे आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि आग रिहायशी इलाके तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
