फास्टैग अनिवार्यता से पूरनखेड़ी टोल पर सैकड़ों वाहन जाम में फंसे, गुस्साए चालकों ने तोड़ा बूम

शिवपुरी।। जिले के पूरनखेड़ी टोल प्लाजा पर शुक्रवार सुबह नए नियम लागू होते ही अफरा-तफरी मच गई। फास्टैग अनिवार्य किए जाने के कारण सैकड़ों वाहन लंबी कतारों में फंस गए, जिससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा और मौके पर भारी अव्यवस्था फैल गई। बसों, कारों और अन्य वाहनों में सवार लोगों में नाराजगी साफ नजर आई।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब कुछ वाहन चालकों ने आक्रोश में आकर टोल प्लाजा का बूम तोड़ दिया और जबरन निकलने की कोशिश की। इससे कुछ देर के लिए हालात तनावपूर्ण हो गए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
टोल प्रबंधन के अनुसार, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के नए नियम के तहत अब केवल एक्टिव फास्टैग से ही टोल भुगतान मान्य होगा। पहले फास्टैग काम न करने पर वाहन नंबर से शुल्क कट जाता था, लेकिन यह सुविधा बंद कर दी गई है। अचानक लागू हुए इस नियम की जानकारी न होने से जाम की स्थिति बनी, हालांकि प्रबंधन ने व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य करने की बात कही है।
