SHIVPURI NEWS-बदरवास मंडी में किसानों का हंगामा: बारदाना संकट और अवैध वसूली के आरोप

शिवपुरीI जिले के बदरवास कस्बे की गल्ला मंडी स्थित उपार्जन केंद्र पर गुरुवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। बारदाना की कमी के चलते तुलाई ठप होने से किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जिससे मंडी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परेशान किसानों ने केंद्र पर मौजूद कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जानबूझकर तुलाई रोकी जाती है और बिना पैसे दिए काम नहीं किया जाता।
किसानों का आरोप है कि प्रति क्विंटल 100 रुपए तक की अवैध वसूली की जा रही है। इसके अलावा 20 रुपए प्रति क्विंटल और भंडारण के नाम पर 10 रुपए प्रति हाली की मांग भी की जा रही है। किसानों ने कहा कि जो पैसे नहीं देता, उसकी फसल की तुलाई में देरी कर उसे परेशान किया जाता है। मामला बढ़ने पर भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रशासन को बुलाया।
तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर किसानों की शिकायतें सुनीं और तत्काल वारदाना उपलब्ध कराते हुए तुलाई शुरू करवाई। साथ ही अगले दिन के लिए अतिरिक्त बारदाना की व्यवस्था के निर्देश दिए। इस दौरान किसान संघ ने ज्ञापन सौंपकर तुलाई प्रक्रिया को ऑनलाइन करने, तुरंत रसीद देने, पेयजल व छाया की व्यवस्था करने और जिम्मेदार अधिकारियों को हटाने की मांग उठाई।
किसानों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ और अवैध वसूली पर रोक नहीं लगी, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
