करेरा में OBC महासभा का प्रदर्शन: आरक्षण, जनगणना और UGC नियमावली लागू करने की मांग, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

शिवपुरी। जिले के करेरा में गुरुवार को ओबीसी महासभा ने अपने अधिकारों को लेकर जोरदार आवाज उठाई। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए प्रतिनिधियों ने एडिशनल एसपी संजीव मुले को अपनी मांगों से अवगत कराया। प्रदेश प्रभारी जितेंद्र लोधी ने कहा कि पिछड़ा वर्ग लंबे समय से न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं मिल पाया है।
ज्ञापन में यूजीसी नियमावली 2026 को पूरे देश में लागू करने, जनगणना में ओबीसी का अलग कॉलम जोड़ने, 13 प्रतिशत होल्ड पद बहाल करने, बैकलॉग पद भरने और निजी संस्थानों में आरक्षण लागू करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल रहीं। महासभा ने स्पष्ट किया कि यह मुद्दे सीधे तौर पर शिक्षा और रोजगार से जुड़े हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
इस दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। महासभा ने आरोप लगाया कि करेरा क्षेत्र में कई मामलों में एफआईआर दर्ज नहीं की जाती और ओबीसी व बहुजन समाज के लोगों को परेशान किया जाता है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
