शिवपुरी में पानी को तरसती जनता: रातभर जागकर पानी भरने को मजबूर लोग, फूटी पाइपलाइन से रातभर बहा पानी

शिवपुरी। शहर इन दिनों भीषण जल संकट की चपेट में है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को रातभर जागकर पानी भरना पड़ रहा है, जबकि दिन में भी पानी के लिए संघर्ष जारी है। सबसे ज्यादा परेशानी मजदूर वर्ग को हो रही है, जो दिनभर काम करने के बाद रात में पानी की व्यवस्था करने को मजबूर हैं। शहर के कई इलाकों में हालात इतने खराब हैं कि पानी के लिए लंबी कतारें आम हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, सिंध जलावर्धन योजना के तहत शनिवार से पानी सप्लाई लगभग ठप है। ट्रीटमेंट प्लांट की तीन में से दो मोटर खराब होने के कारण केवल एक मोटर से सप्लाई की जा रही है, जिससे जरूरत का महज 30 प्रतिशत पानी ही मिल पा रहा है। इसका सीधा असर यह हुआ कि शहर के करीब 70 प्रतिशत हिस्से में पानी नहीं पहुंच रहा है। फिजिकल रोड स्थित पीएचई कार्यालय के पास लगे बोरवेल पर रात 11 बजे तक भीड़ लगी रहती है और लोग पूरी रात पानी भरने के लिए जूझते नजर आते हैं।
हैरानी की बात यह है कि एक तरफ लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं, वहीं दूसरी ओर लापरवाही के कारण हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। कोर्ट रोड सब्जी मंडी के पास फूटी पाइपलाइन से बुधवार रात 10 बजे से लेकर गुरुवार सुबह 9 बजे तक लगातार पानी बहता रहा। बताया जा रहा है कि जेसीबी से खुदाई के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई थी, लेकिन विभाग ने समय रहते मरम्मत नहीं कराई। ऐसे में शहर में जल संकट और प्रशासनिक लापरवाही दोनों एक साथ सामने आ रहे हैं।
