शिवपुरी में सराफा व्यापारी ने अवैध पिस्टल से खुद को उड़ाया: कमरे में मिली खून से लथपथ लाश, IPL सट्टे की बलि चढ़ने की आशंका

शिवपुरी। जिले के बदरवास कस्बे में गुरुवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ के एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी कारोबारी ने अपने ही घर में खुद को गोली मारकर जीवनलीला समाप्त कर ली। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे कस्बे में शोक और दहशत का माहौल है। प्रारंभिक चर्चाओं में आत्महत्या की वजह आईपीएल सट्टे में हारी गई बड़ी रकम को बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय संदीप सोनी पिता जगदीश सोनी, बदरवास में ज्वेलरी की दुकान चलाते थे। गुरुवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच जब वे अपने घर पर थे, तभी उन्होंने एक पिस्टल से अपने सिर में गोली मार ली। गोली चलने की जोरदार आवाज सुनकर घर में मौजूद परिजन बदहवास होकर कमरे की ओर दौड़े, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका में जब परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, तो अंदर संदीप खून से लथपथ हालत में पड़े मिले।
परिजन तुरंत संदीप को लेकर बदरवास स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे, जहाँ उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल गुना जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर गुना पहुँचे, लेकिन दुर्भाग्यवश डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस पिस्टल से गोली चलाई गई है, वह अवैध थी। वहीं, सूत्रों और कस्बे में चल रही चर्चाओं की मानें तो संदीप सोनी पिछले कुछ समय से आईपीएल सट्टे में सक्रिय थे और इसमें वे एक बड़ी रकम हार चुके थे। कर्ज और मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी तक सट्टे की बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बदरवास थाना प्रभारी एसआई शिखा तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। संदीप के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अवैध हथियार उनके पास कहाँ से आया, पुलिस इस बिंदु पर भी तफ्तीश कर रही है।
