शिवपुरी मंडी में तौल में खुली लूट: 40 किलो पर 2 किलो कटौती, भारतीय किसान संघ का हंगामा
हर दिन सैकड़ों किसान शिकार, तुलाई में भारी गड़बड़ी उजागर

शिवपुरी। कृषि उपज मंडी शिवपुरी में किसानों के साथ बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है। तुलाई के नाम पर 40 किलो में 2 किलो तक और एक कुंटल पर लगभग 5 किलो तक कम तौल की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। रोजाना जिलेभर से आने वाले करीब 500 किसानों की प्याज तुलाई में यह खेल चल रहा है, जहां एक ट्रॉली पर औसतन 1 कुंटल 25 किलो तक का सीधा नुकसान बताया जा रहा है। यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि संगठित आर्थिक चोट है। इन सब शिकायतों पर गुरूवार को भारतीय किसान संघ ने मंडी पहुंचकर हंगामा खड़ा कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाए और कहा कि स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि प्रतिदिन लगभग 500 ट्रॉलियों की तुलाई में किसानों को करीब 1000 कुंटल तक का नुकसान झेलना पड़ रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह सब खुलेआम हो रहा है, और आरोप मंडी प्रशासन की मिलीभगत पर लग रहे हैं। मंडी में सरकारी तुलाई व्यवस्था नहीं होने के कारण किसानों को व्यापारियों के निजी गोदामों पर निर्भर रहना पड़ रहा है यहीं सबसे ज्यादा धांधली की शिकायतें सामने आ रही हैं।
मामले ने तूल तब पकड़ा जब भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने मंडी पहुंचकर स्थिति उजागर की और कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष बृजेश धाकड़ और राजेश वर्मा, भानू यादव समेत अन्य किसान मौके पर मौजूद रहे।
