शादी का रिश्ता तोड़ा तो 17 साल की नाबालिग को अगवा कर बंधक बना लगातार किया RAPE: इतनी दरिंदगी कि अस्पताल पहुँच गई मासूम, हैवान अरुण फरार

शिवपुरी। जिले के पोहरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ एक 17 वर्षीय नाबालिग को अगवा कर उसके साथ कई बार दरिंदगी की गई। आरोपी की हैवानियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लगातार हुए दुष्कर्म के कारण नाबालिग की हालत बेहद गंभीर हो गई है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पोहरी क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता की शादी कोलारस के सेसई गांव निवासी अरुण परिहार के साथ तय हुई थी। लेकिन जब परिजनों को पता चला कि अरुण को शराब पीने की गंभीर लत है, तो उन्होंने अपनी बेटी का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए यह रिश्ता तोड़ दिया। रिश्ता टूटने से बौखलाया अरुण लगातार नाबालिग के संपर्क में रहने की कोशिश करता रहा।
आरोपी अरुण ने 21 अप्रैल को नाबालिग को उसके घर से अगवा कर लिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 22 अप्रैल को अपहरण का मामला दर्ज किया और तलाश शुरू की। करीब एक सप्ताह बाद, 28 अप्रैल को पुलिस ने नाबालिग को बरामद तो कर लिया, लेकिन उसकी शारीरिक स्थिति देखकर हर कोई दंग रह गया।
बरामदगी के बाद नाबालिग की नाजुक हालत को देखते हुए उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अगले दिन हुई मेडिकल जांच में डॉक्टरों ने नाबालिग के साथ कई बार दुष्कर्म होने की पुष्टि की है। पोहरी थाना पुलिस ने पीड़िता के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी अरुण परिहार के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और दुष्कर्म की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
