SHIVPURI NEWS-घर में अवैध पटाखों का जखीरा पकड़ा, 40 हजार का माल जब्त

शिवपुरी। जिले में अवैध विस्फोटक सामग्री के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत करैरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को घर में अवैध रूप से पटाखे संग्रहित करते पकड़ा है। पुलिस ने मौके से करीब 40 हजार रुपये कीमत के पटाखे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल को करैरा पुलिस को सूचना मिली थी कि गुप्तेश्वर मोहल्ला निवासी आविद खान अपने घर में अवैध पटाखों का भंडारण कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जहां पांच गत्ते के कार्टूनों में विभिन्न कंपनियों के बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद हुए। जब आरोपी से लाइसेंस मांगा गया तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी आविद खान (32) निवासी वार्ड क्रमांक 06 करैरा के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9 (ख) 1 (क) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जब्त सामग्री में फुलझड़ी, अनार, चकरी, साउंड पटाखे सहित अन्य आतिशबाजी का सामान शामिल है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई, सउनि चरण सिंह, शैलेन्द्र चौहान, आरक्षक हरेन्द्र गुर्जर और रामअवतार गुर्जर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
