swatantra shivpuri 101

सिंहनिवास फायरिंग कांड: 9 गिरफ्तार, पूर्व मंत्री के भतीजे रोहित से कट्टा बरामद, प्रभात रावत सहित 3 फरार

swatantra shivpuri 101

शिवपुरी। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंहनिवास गांव में रविवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल गई। पुरानी रंजिश और इलाके में टेरर टैक्स की वसूली को लेकर सरपंच पति प्रभात रावत और पूर्व राज्य मंत्री सुरेश राठखेड़ा के भतीजे रोहित धाकड़ (राठखेड़ा) समेत करीब 15 बदमाशों ने सिंह बस संचालक जय सिंह के घर पर जानलेवा हमला बोल दिया। हमले के दौरान हुई अंधाधुंध फायरिंग में बस संचालक जय सिंह बाल-बाल बच गए, गोली उनके बाएं हाथ को छूकर निकल गई।

पूर्व मंत्री का भतीजा गिरफ्तार, कट्टा बरामद
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बड़ी सफलता के रूप में पुलिस ने पूर्व मंत्री के भतीजे रोहित राठखेड़ा को दबोच लिया है, जिसके पास से वारदात में इस्तेमाल अवैध कट्टा बरामद हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल से 315 बोर की बंदूक के चले हुए राउंड और खोखे भी बरामद किए हैं, जो हमले की भयावहता को बयां कर रहे हैं।

वारदात का मुख्य मास्टरमाइंड सरपंच पति प्रभात रावत हाल ही में जेल से छूटकर आया है। वह पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह को जान से मारने की धमकी देने के मामले में बंद था। बाहर आते ही उसने अपनी गैंग फिर सक्रिय की और व्यापारियों व बस संचालकों से टेरर टैक्स की मांग शुरू कर दी। मना करने पर जय सिंह के घर को निशाना बनाया गया। बदमाशों ने घर के दरवाजे तोड़ दिए और परिवार के सदस्यों दीवान सिंह, मजबूत सिंह और अरविंद के साथ लाठियों व रॉड से बेरहमी से मारपीट की।

आरोपी प्रमोद रावत की हालत गंभीर, ग्वालियर रेफर
हमले के दौरान हुई झड़प में एक आरोपी प्रमोद रावत को भी गंभीर चोटें आई हैं। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे ग्वालियर रेफर किया गया है, जहाँ पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल मुख्य आरोपी प्रभात रावत और अंकेश दीक्षित समेत तीन आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

इन आरोपियों पर दर्ज हुई FIR
पुलिस ने कुल 15 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307), दंगा भड़काने और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में रोहित धाकड़ (पूर्व मंत्री का भतीजा), प्रभात रावत (सरपंच पति), प्रमोद रावत, प्रगट रावत, दुष्यन्त धाकड़, दीपक रावत, राजकुमार रावत, पवन रावत, छोटू उर्फ अरुण रावत, रवि जाट, आदित्य उपाध्याय और अंकेश दीक्षित शामिल हैं।

इनका कहना है।
मामले में पुलिस ने 12 नामजद सहित 3 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मौके से 7 आरोपियों सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।
रोहित दुबे,​ निरीक्षक थाना कोतवाली शिवपुरी

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *