हेलमेट नहीं तो कार्रवाई तय: शिवपुरी में विशेष अभियान शुरू, 500 चालकों को किया जागरूक

शिवपुरी। सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 26 अप्रैल से 10 मई 2026 तक जिले में हेलमेट को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को यातायात पुलिस शिवपुरी ने ग्वालियर बायपास पर सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए बिना हेलमेट वाहन चला रहे करीब 500 चालकों को रोककर जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस ने चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में समझाइश दी और स्पष्ट चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ सकती है। यातायात पुलिस ने बताया कि आने वाले दिनों में बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि लगातार नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी की जाएगी। यह विशेष अभियान पूरे जिले में चलाया जाएगा, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े।
