शिवपुरी का वैन चालक दतिया की सिंध नदी में मृत मिला: शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका

शिवपुरी। फतेहपुर क्षेत्र का एक परिवार उस समय गहरे सदमे में डूब गया, जब सोमवार दोपहर दतिया के गोराघाट थाना क्षेत्र में सिंध नदी से 38 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान शिवपुरी निवासी विकास धाकड़ के रूप में हुई है। शरीर पर मिले चोट के निशानों ने इस पूरी घटना को संदिग्ध बना दिया है, जिससे हत्या की प्रबल आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शिवपुरी की गणेश कॉलोनी (फतेहपुर) निवासी विकास धाकड़ पुत्र ओमप्रकाश धाकड़ पेशे से स्कूल वैन चालक था। वह शनिवार रात अपने कुछ दोस्तों के साथ दतिया के बड़ोंनकला गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद उसके दोस्त तो वापस लौट आए, लेकिन विकास घर नहीं पहुंचा। परिजनों को उम्मीद थी कि वह लौट आएगा, लेकिन सोमवार को उसकी मौत की खबर ने सबको झकझोर दिया।
ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर धोहररा ग्राम के पास हनुमान धारा क्षेत्र में सिंध नदी के गहरे पानी में एक शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही गोराघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मृतक की जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त विकास धाकड़ के रूप में हुई।
विकास अपने पीछे दो छोटे बच्चों और परिवार को छोड़ गया है। घटना स्थल पर पहुंचे परिजनों ने उन दोस्तों पर संदेह जताया है जो विकास के साथ दतिया गए थे। पुलिस को भी मृतक के शरीर पर संदिग्ध चोट के निशान मिले हैं।
गोराघाट थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला पूरी तरह संदिग्ध है और इसे ‘मर्डर’ के एंगल से जोड़कर देखा जा रहा है। विकास के साथ कार्यक्रम में गए लोगों से भी पुलिस कड़ी पूछताछ कर रही है।
इनका कहना है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल हत्या की आशंका को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस प्रशासन, गोराघाट
