खुशी की सगाई के नाम पर चाचा ने किया 60 हजार का सौदा: मॉं ने तोड़ी, देवरों ने पीटा, बेटी को बेचने की धमकी

शिवपुरी। खबर पुलिस अधीक्षक कार्यालय से आ रही है। जहां पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम हीरापुर बडेरा से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही देवरों पर जानलेवा हमला करने और बेटियों को बेचने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता श्रीमती कमलेश जाटव ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता के अनुसार, उनके देवर मुकेश जाटव ने उनकी बेटी खुशी की सगाई के नाम पर 60 हजार रुपए लिए थे। सच्चाई सामने आने पर महिला ने यह रिश्ता तोड़ दिया। इसके बाद जब वह बेटी की दूसरी जगह सगाई करने लगीं, तो इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
24 अप्रैल को सुबह करीब 11:30 बजे, जब महिला घर की रसोई में थी, तभी मुकेश जाटव और इमरत जाटव वहां पहुंचे और महिला व उसकी मां गोमती बाई पर बेरहमी से हमला कर दिया। इस हमले में महिला की नाक में फ्रैक्चर हो गया और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उसकी मां भी घायल हुईं। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज शिवपुरी में भर्ती कराया गया।
महिला का आरोप है कि आरोपी लगातार धमकी दे रहे हैं कि वे उसकी बेटियों को बेच देंगे और पूरे परिवार को जान से खत्म कर देंगे। आरोपियों ने यह भी कहा कि पुलिस उनका कुछ नहीं कर सकती और वे उसे खरीद सकते हैं।
पीड़िता का कहना है कि पिछोर थाना में शिकायत करने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई और केवल एनसीआर दर्ज कर ली गई। इसके बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है और वे खुलेआम घूम रहे हैं।
महिला ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उसने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो कोई बड़ी घटना हो सकती है।
