पूर्व मंत्री राठखेड़ा के भतीजे संग मिलकर प्रगट-प्रभात ने बस संचालक के घर में घुसकर की ताबड़तोड़ फायरिंग, MLA कैलाश को धमकाने के बाद जेल से छूटकर आया था आरोपी

शिवपुरी। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंहनिवास गांव में रविवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल गई। पुरानी रंजिश और इलाके में टेरर टैक्स की वसूली को लेकर सरपंच पति प्रभात रावत और पूर्व राज्य मंत्री सुरेश राठखेड़ा के भतीजे रोहित धाकड़ समेत करीब 15 बदमाशों ने सिंह बस संचालक जय सिंह के घर पर जानलेवा हमला बोल दिया। हमले के दौरान हुई फायरिंग में बस संचालक जय सिंह बाल-बाल बच गए, गोली उनके बाएं हाथ को छूकर निकल गई।
घर में घुसकर बरसाईं गोलियां, सायरन सुन भागे हमलावर
घटना रविवार रात करीब 10:30 बजे की है। फरियादी जय सिंह (19) ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले प्रभात, प्रमोद और प्रगट रावत से उनका 2017 से विवाद चल रहा है। रविवार रात ये तीनों भाई अपने साथियों के साथ 315 बोर की बंदूक, पिस्टल, देशी कट्टा, कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड लेकर जबरन घर में घुस आए। प्रमोद ने बंदूक से फायर किया, वहीं प्रभात ने पिस्टल से दो राउंड गोलियां दागीं। बदमाशों ने घर के दरवाजे तोड़ दिए और परिवार के सदस्यों—दीवान सिंह, मजबूत सिंह और अरविंद के साथ लाठियों से मारपीट की। पुलिस की डायल 112 का सायरन सुनते ही हमलावर मौके से फरार हो गए।
जेल से छूटते ही फिर शुरू किया आतंक
हैरानी की बात यह है कि गैंग का मुख्य आरोपी सरपंच पति प्रभात रावत अभी हाल ही में जेल से छूटकर आया है। इससे पहले वह पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह को फोन पर हाथ-पैर तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में जेल गया था। बाहर आते ही उसने फिर से अपनी गैंग सक्रिय कर दी और ‘टेरर टैक्स’ न देने पर इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
पुरानी रंजिश और टेरर टैक्स का दबाव
फरियादी जय सिंह के अनुसार, यह गैंग इलाके में व्यापारियों और बस संचालकों से अवैध वसूली (टेरर टैक्स) का दबाव बनाती है। मना करने पर ये जानलेवा हमला करते हैं। इससे पहले 2017 में भी इन्हीं आरोपियों ने जय सिंह के परिवार पर फायरिंग की थी, जिसमें जय सिंह की आंख में छर्रे लगे थे।
इन 15 लोगों पर पुलिस का शिकंजा (FIR दर्ज)
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व मंत्री के भतीजे रोहित धाकड़, सरपंच पति प्रभात रावत समेत 12 नामजद और 3 अज्ञात लोगों पर हत्या के प्रयास , दंगा भड़काने और हथियारों के उपयोग की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
नामजद आरोपी
- रोहित धाकड़ (पूर्व मंत्री का भतीजा)
- प्रभात रावत (सरपंच पति)
- प्रमोद रावत
- प्रगट रावत
- दुष्यन्त धाकड़
- दीपक रावत
- राजकुमार रावत
- पवन रावत
- छोटू उर्फ अरुण रावत
- रवि जाट
- आदित्य उपाध्याय
- अंकेश दीक्षित
