swatantra shivpuri 89

ग्वालियर में युवक की मौत के बाद शिवपुरी थाने में हंगामा: बेटे ने 3 लोगों पर लगाए हत्या का आरोप

swatantra shivpuri 89

शिवपुरी। खबर शहर के तुलसी नगर झांसी तिराहा निवासी 48 वर्षीय धर्मू कुशवाह की ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया। आक्रोशित परिजनों ने शव को देहात थाना परिसर में रखकर करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा किया और पड़ोस के तीन लोगों पर हत्या का संदेह जताया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया, जबकि पुलिस समझाइश में जुटी रही।

मृतक के बेटे आकाश कुशवाह के अनुसार, 24 अप्रैल को दोपहर में उनके पिता घर पर थे, तभी सूचना मिली कि वे तेंदुआ थाना क्षेत्र के डेरवारा में घायल अवस्था में पड़े हैं। पहले उन्हें कोलारस स्वास्थ्य केंद्र, फिर जिला अस्पताल और बाद में ग्वालियर रेफर किया गया, जहां शनिवार शाम करीब 7 बजे उनकी मौत हो गई।

आकाश ने आरोप लगाया कि अमित गोस्वामी, तरुण शाक्य और बल्लू रावत उनके पिता को अपने साथ ले गए थे और उन्हीं पर घटना को अंजाम देने का शक है। उसने यह भी बताया कि घटना से एक दिन पहले पिता का कुछ लोगों से विवाद हुआ था।

पहले भी दी थी शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पहले ही तेंदुआ और देहात थाने में विवाद की शिकायत दी थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। अब मौत के बाद उन्होंने साफ तौर पर हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने यह भी कहा कि उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है।

पुलिस जांच में जुटी, वजह पर संशय बरकरार
देहात थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम ग्वालियर में कराया गया है और मर्ग डायरी आने के बाद तेंदुआ थाना पुलिस जांच करेगी। प्रारंभिक जानकारी में एंबुलेंस से घायल को लाते समय बाइक से गिरने की बात सामने आई है, लेकिन परिजनों के आरोपों के बाद मामला संदिग्ध हो गया है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है, जो इस मौत की असल वजह साफ करेगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *