सेवा का संकल्प: 224 मरीजों को मिला हार्ट-न्यूरो इलाज, 21 लोगों ने किया रक्तदान

शिवपुरी। स्व. श्री गोपालदास अग्रवाल की स्मृति में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर ने जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत दी। रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन और श्री आदिनाथ दिगम्बर जिनालय के संयुक्त तत्वावधान में पुराने बस स्टैंड स्थित जैन मंदिर परिसर में लगे इस शिविर में 224 मरीजों का हृदय एवं न्यूरोलॉजी संबंधी परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही 21 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानवीय सेवा का संदेश दिया।
शिविर का शुभारंभ कलेक्टर अर्पित वर्मा ने किया। इस दौरान उन्होंने ऐसे सामाजिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सा सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सामूहिक भागीदारी जरूरी है। शिविर में ग्वालियर से आए वरिष्ठ न्यूरो फिजिशियन डॉ. विवेक जैन, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतीक भदौरिया और शिवपुरी के डॉ. प्रियांशु गुप्ता ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया। कार्यक्रम में रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के अध्यक्ष भूपेंद्र जैन, मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. दीप परमहंस और सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषिश्वर भी मौजूद रहे।
हर माह लगेगा शिविर, बढ़ेगी राहत
रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के अध्यक्ष भूपेंद्र जैन ने बताया कि शिवपुरी में हार्ट और न्यूरो विशेषज्ञों की कमी को देखते हुए अब हर माह ऐसे शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें ग्वालियर सहित अन्य शहरों से विशेषज्ञ डॉक्टर बुलाए जाएंगे। शिविर के दौरान स्व. गोपालदास अग्रवाल की पांचवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि स्वरूप रक्तदान भी किया गया।
सामूहिक प्रयास से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम संयोजक इंजी. पवन जैन, दीपेश अग्रवाल, शिवम अग्रवाल और राजेश जैन ने अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन में लायंस क्लब, स्वास्थ्य विभाग और कई समाजसेवियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पंजीयन, जांच, दवा वितरण और रक्तदान की व्यवस्थाओं में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहयोग दिया। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि जब समाज और संस्थाएं मिलकर काम करती हैं, तो सेवा का असर सीधे लोगों के जीवन पर दिखता है।
