swatantra shivpuri 78

पोहरी में वन विभाग का बुलडोज़र: 40 हेक्टेयर जमीन अतिक्रमण मुक्त, 10 साल पुराना कब्जा हटाया

swatantra shivpuri 78

शिवपुरी। वनमंडल के पोहरी वन परिक्षेत्र में शुक्रवार को वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। यह कार्रवाई सबरेंज भैंसरावन की बीट धतुरिया और गढ़ा में की गई, जहां वर्षों से अवैध कब्जा बना हुआ था। अचानक हुई इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

वन विभाग के अनुसार, बीट धतुरिया के कक्ष क्रमांक पी.एफ. 848 और बीट गढ़ा के कक्ष क्रमांक पी.एफ. 849 में करीब 10 साल से अतिक्रमण चला आ रहा था। कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को भारतीय वन अधिनियम 1927 के तहत नोटिस देकर अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया था। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बेदखली आदेश जारी किए गए और फिर मौके पर जाकर कब्जा हटाया गया।

इस अभियान के तहत बब्बू गुर्जर, सुगीम गुर्जर, कन्हैया गुर्जर, दिनेश भील, संतोष भील सहित करीब 12 लोगों के कब्जे हटाए गए। कार्रवाई वनमंडलाधिकारी (सामान्य) और उप वनमंडलाधिकारी के मार्गदर्शन में, जबकि वन परिक्षेत्राधिकारी श्रीमती श्रुति राठौर के निर्देशन में की गई। मौके पर वनपाल कन्हैया लाल राजे, नवल किशोर शर्मा, सतीश मांझी, गिर्राज शर्मा सहित टीम मौजूद रही।

वन विभाग ने साफ संकेत दिया है कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जंगल की जमीन पर किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *