swatantra shivpuri 77

महाराज का 72 घंटे का मेगा शो: कोलारस में 2500 करोड़ का डिफेंस हब और बदरवास में अदानी की जैकेट फैक्ट्री, 2000 नौकरियां

swatantra shivpuri 77

शिवपुरी। कोलारस प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने क्षेत्र के लिए बड़ा औद्योगिक ऐलान करते हुए ₹2500 करोड़ के रक्षा संयंत्र की स्थापना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले दो महीनों में इस मेगा प्रोजेक्ट पर काम शुरू होगा। प्रस्तावित संयंत्र कोलारस से करीब 15 किलोमीटर दूर कोटा हाईवे और बॉम्बे-ग्वालियर हाईवे के संगम पर स्थापित होगा। इस परियोजना से करीब 2000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों को काम मिलेगा। टमाटर उत्पादन के लिए पहचाने जाने वाला कोलारस अब रक्षा उत्पादन के मानचित्र पर उभरने की तैयारी में है, जहां बनने वाले उपकरण देश की सीमाओं की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएंगे।

19.68 करोड़ की सौगात और आधारभूत ढांचे को मजबूती

image 31

सिंधिया ने कोलारस क्षेत्र को 19.68 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। प्रधानमंत्री जन-मन योजना के तहत छात्रावासों का भूमिपूजन, जनपद पंचायत भवन का शिलान्यास, नवीन बस स्टैंड और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का भूमिपूजन कर शहरी अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया। बदरवास के बुडा डोंगर में अदानी सीएसआर परियोजना का उद्घाटन और सीएम राइज स्कूल परिसर में आईटीआई भवन व अन्य निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई, जिससे शिक्षा और कौशल विकास को भी गति मिलेगी।

बदरवास में दीदियां बनेंगी गारमेंट उद्योग की मालिक
बदरवास में अदानी समूह के सहयोग से स्थापित परिधान प्रशिक्षण एवं उत्पादन केंद्र का लोकार्पण करते हुए सिंधिया ने इसे ‘लखपति दीदी’ बनाने की दिशा में मील का पत्थर बताया। 50,000 वर्गफुट में फैली इस फैक्ट्री में मशीनों की संख्या बढ़ाकर 600 की जाएगी, जिससे 1800 महिलाओं को रोजगार मिलेगा। यहाँ रोजाना 2000 जैकेट तैयार होंगी, जिनकी सप्लाई दिल्ली-मुंबई से लेकर लंदन, पेरिस और जिनेवा तक की जाएगी। सिंधिया ने एलान किया कि अगले 3 साल में इस फैक्ट्री को एक कंपनी का रूप दिया जाएगा, जिसकी शेयरहोल्डर और मालिक यहाँ काम करने वाली महिलाएं ही होंगी।

रिकॉर्ड समय में संकल्प से सिद्धि
विशेष बात यह रही कि बदरवास फैक्ट्री का शिलान्यास 9 जनवरी 2025 को हुआ था और मात्र 15 महीनों के भीतर यह अत्याधुनिक इकाई शुरू हो गई। सिंधिया ने कहा, बदरवास अब प्रदेश का प्रमुख उत्पादन केंद्र बनेगा। जिस तरह चंदेरी अपनी साड़ियों के लिए प्रसिद्ध है, बदरवास अपनी जैकेट के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाना जाएगा। सिंधिया ने कहा कि कोलारस में विकास का तूफान आएगा। यह निवेश पिछले दो दशकों की औद्योगिक मांग को पूरा करेगा और हमारी माताएं-बहनें अब केवल श्रमिक नहीं, बल्कि उद्योग की मालिक बनेंगी।

तीन दिन का सघन दौरा: गांव से शहर तक कार्यक्रमों की श्रृंखला
दौरे के दौरान रन्नौद में तहसील भवन और 30 किमी लंबी सड़क परियोजना का भूमिपूजन किया जाना है। शहर में गणेश कॉलोनी, फतेहपुर, कृष्णपुरम और झांसी तिराहा सहित कई क्षेत्रों में जनसंपर्क कार्यक्रम होंगे। 26 अप्रैल को कलेक्ट्रेट में दिशा बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भोंती और पिछोर में जनसुनवाई तथा विकास कार्यों का उद्घाटन किया जाएगा। शाम को सीएम राइज स्कूल शिवपुरी में बड़े स्तर पर लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम होगा, जिसमें 39 वार्डों की सड़कें, आवास योजनाएं, अपशिष्ट उपचार संयंत्र और बस स्टैंड जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

समापन में छात्रों से संवाद, विकास पर फोकस
27 अप्रैल को टूरिस्ट विलेज में मेधावी छात्रों से संवाद, ग्राम कोटा भगोरा में जनसुनवाई और सतनवाड़ा स्थित एनटीपीसी कॉलेज में निरीक्षण के साथ दौरे का समापन होगा। इस पूरे प्रवास ने साफ संकेत दिया है कि कोलारस-शिवपुरी को औद्योगिक, शैक्षणिक और आधारभूत विकास के नए मॉडल के रूप में तैयार करने की कोशिश की जा रही है अब नजर इस पर है कि घोषणाएं जमीन पर कितनी तेजी से उतरती हैं।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *