करैरा में अवैध गुटखा फैक्ट्रियों पर प्रशासन का छापा दो यूनिट सील, मशीनें और ट्रक जब्त

शिवपुरी। जिले के करैरा क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध गुटखा कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसडीएम अनुराग निंगवाल के नेतृत्व में पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर संचालित अवैध गुटखा निर्माण इकाइयों पर छापा मारकर उन्हें सील कर दिया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में मशीनें, लोडिंग वाहन, ट्रक और संदिग्ध केमिकल बरामद किए गए हैं।
शुक्रवार को एसडीएम अनुराग निंगवाल, एसडीओपी आयुष जाखड़ और तहसीलदार ललित शर्मा की टीम भारी पुलिस बल के साथ ग्राम टीला और अमोला कॉलोनी पहुंची। जैसे ही प्रशासनिक अमला इन ठिकानों पर पहुंचा, वहां भगदड़ मच गई। फैक्ट्री संचालक तो मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन काम कर रहे मजदूर टीम के हाथ लगे। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टीला स्थित मुख्य यूनिट और पास के गोदाम को सील कर दिया। इसके बाद अमोला कॉलोनी में चल रही दूसरी यूनिट को भी ताले में बंद कर दिया गया।
करीब छह घंटे तक चली इस मैराथन कार्रवाई में प्रशासन को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मौके से 11 से अधिक आधुनिक मशीनें, दो लोडिंग वाहन, और एक आयशर ट्रक जब्त किया गया है। साथ ही, गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाले खतरनाक केमिकल से भरे कई ड्रम और भारी मात्रा में कच्ची सामग्री (सुपारी, तंबाकू आदि) बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि इन इकाइयों में अलग-अलग नामी ब्रांडों के नाम पर नकली गुटखा तैयार कर बाजार में खपाया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष मिश्रा ने मौके से सामग्री के नमूने लिए हैं। एसडीएम अनुराग निंगवाल ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध गुटखा निर्माण की खुफिया सूचनाएं मिल रही थीं। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से चल रही इन फैक्ट्रियों को खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सील किया गया है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और फरार संचालकों की तलाश जारी है। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र के मिलावटखोरों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
