अवैध गेहूं कारोबार पर प्रशासन का छापा: बिना लाइसेंस कर रहे थे खरीदी, 500 क्विंटल जब्त, गोदाम सील

शिवपुरी। जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए करैरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर मछावली रोड स्थित कई स्थानों पर छापामार अभियान चलाया गया, जहां बिना लाइसेंस गेहूं की खरीदी का खेल खुलेआम चल रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने एक्शन लेते हुए मौके पर दबिश दी और अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़ किया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम अनुराग निंगवाल ने किया, जिसमें तहसीलदार ललित शर्मा सहित राजस्व और प्रशासनिक टीम शामिल रही। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कुछ व्यापारी बिना किसी वैध अनुमति के किसानों से गेहूं खरीदकर उसका भंडारण कर रहे थे। जब टीम ने दस्तावेजों की मांग की, तो व्यापारी कोई भी लाइसेंस या वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके, जिससे मामला पूरी तरह अवैध पाया गया।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने मौके से करीब 400 से 500 क्विंटल गेहूं जब्त किया। साथ ही जिस गोदाम में यह अनाज रखा गया था, उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया और संबंधित व्यापारियों पर जुर्माने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस सख्त कार्रवाई से अवैध गेहूं कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है, वहीं प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि नियमों के उल्लंघन पर आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
