तेज रफ्तार ट्रक ने भूसा बेचकर लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, 4 घायल

शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में शुक्रवार को गोरा टीला रोड पर एक तेज रफ्तार आयशर ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में पलट गई। दुर्घटना में दो महिलाओं सहित चार लोग घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा गोरा और धर्मपुरा गांव के बीच हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग भूसा बेचकर अपने गांव लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज गति में आ रहे ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी, जिससे वाहन पलट गया। घायलों में सुनील यादव, मंजू आदिवासी सहित दो अन्य लोग शामिल हैं।
हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कोलारस थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है।
