SHIVPURI में बारात से लौट रहे चचेरे भाइयों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर

शिवपुरी। खबर जिले के नेशनल हाईवे-46 से है। जहां पर गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। अज्ञात वाहन की टक्कर से एक 27 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल है। दोनों युवक लुकवासा में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 1:00 बजे के आसपास हुआ। सेसई खुर्द निवासी कल्ला कुशवाह (27) और उसका चचेरा भाई मोनू कुशवाह (22) बाइक पर सवार होकर बारात से घर वापस आ रहे थे। इसी दौरान एनएच-46 पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कल्ला कुशवाह की मौके पर ही सांसें थम गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल मोनू कुशवाह को तत्काल शिवपुरी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। मोनू की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर उसका उपचार कर रहे हैं। पुलिस ने मृतक कल्ला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है।
हादसे के वक्त युवकों के पास पहचान संबंधी दस्तावेज न होने के कारण शुरुआत में उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। शुक्रवार दोपहर पुलिस की जांच और परिजनों के पहुंचने के बाद मृतकों की पहचान हो पाई। परिजनों ने बताया कि दोनों भाई लुकवासा गए थे और वहां से लौटते समय इस अनहोनी का शिकार हो गए। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
कोतवाली पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
