सर्किट हाउस रोड पर PWD की सड़क बिना अनुमति खोदी: कोतवाली में शिकायत, नपा के ठेकेदार पर आरोप

शिवपुरी। शहर के पॉश इलाके सर्किट हाउस रोड पर पीडब्ल्यूडी (PWD) की सड़क को बिना अनुमति रातों-रात खोदे जाने का मामला गरमा गया है। इस अवैध खुदाई से नाराज विभाग ने ठेकेदार के खिलाफ कानूनी मोर्चा खोल दिया है। पीडब्ल्यूडी के सब-इंजीनियर मनोज अग्रवाल ने इस संबंध में कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया है।
सब-इंजीनियर मनोज अग्रवाल के मुताबिक, नगर पालिका के एक ठेकेदार ने विभागीय अनुमति लिए बिना ही सड़क को पूरी तरह से छलनी कर दिया। अग्रवाल ने बताया कि इस कृत्य से लोक निर्माण विभाग को लाखों रुपये की क्षति हुई है। नुकसान का सटीक आकलन कर लिया गया है और कार्यपालन यंत्री के माध्यम से जिला कलेक्टर को भी पत्र भेजकर मामले की गंभीरता से अवगत कराया जा रहा है।
इस पूरे मामले में वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद अरविंद ठाकुर ने नगर पालिका और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला है। पार्षद का आरोप है कि सिंध जलावर्धन योजना के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाकर कनेक्शन तो दे दिए गए हैं और जनता से पानी का बिल भी वसूला जा रहा है, लेकिन हकीकत यह है कि आज भी लोगों के घरों तक पानी की एक बूंद नहीं पहुंची है।
पार्षद ठाकुर ने आगे कहा कि पाइपलाइन बिछाने के नाम पर सड़कों को बार-बार खोदा जाता है, जिससे पूरी सड़क धूल के गुबार में तब्दील हो गई है। जिस सड़क को हाल ही में खोदा गया, वह पहले से ही जर्जर थी। अब नई खुदाई के बाद इसके पुनर्निर्माण को लेकर कोई स्पष्ट योजना नहीं है। उन्होंने तकनीकी खामियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि इस पाइपलाइन को जिस टंकी से जोड़ा जा रहा है, उस पर पहले से ही क्षमता से अधिक भार है। ऐसे में यह नई पाइपलाइन केवल दिखावा साबित होगी।
इस गंभीर विवाद और सड़क खोदे जाने के मामले में जब नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। अधिकारियों की यह चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
