SHIVPURI NEWS-खोड़ चौकी पुलिस ने देशी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस के साथ आरोपी को दबोचा

शिवपुरी। जिले के भौंती थाना क्षेत्र अंतर्गत खोड़ चौकी पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक इलेक्ट्रिक स्कूटी भी जब्त की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को 23 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल भार्गव (28) निवासी ग्राम साजापुर, थाना पिछोर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल और 5 जिंदा राउंड बरामद किए गए।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम सिंह भदौरिया, चौकी प्रभारी उनि कुसुम गोयल सहित पुलिस बल के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
