24 घंटे, 3 हादसे… शिवपुरी में सड़कें बनीं मौत का ट्रैक: विधायक प्रतिनिधि की जान गई, लूट का वीडियो भी वायरल

शिवपुरी। जिले में बीते 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग सड़क हादसों ने व्यवस्था और सुरक्षा दोनों पर सवाल खड़े कर दिए। इन घटनाओं में भाजपा विधायक प्रतिनिधि महेश लोधी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। हादसों के बीच एक शर्मनाक तस्वीर भी सामने आई, जहां दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से बांस लूटते ग्रामीणों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पहली घटना बुधवार रात कोलारस थाना क्षेत्र के बैरसिया रोड क्रॉसिंग, एनएच-46 पर हुई, जहां झांसी से गुना जा रहा आयशर ट्रक पुलिया से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन सुबह होते ही इंसानियत को शर्मसार करने वाला नजारा दिखा—ट्रक में भरे बांस को ग्रामीण खुलेआम लूटते नजर आए। वहीं गुरुवार दोपहर बूढ़ाडोंगर के पास एक कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें चालक को मामूली चोटें आईं।
सबसे दर्दनाक हादसा शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक देवेंद्र जैन के प्रतिनिधि महेश लोधी के साथ हुआ। बुधवार रात वह बाइक से करेरा स्थित अपने घर लौट रहे थे, तभी करेरा-सिल्लारपुर रोड पर राम मंदिर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें झांसी रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को करेरा पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
