swatantra shivpuri 54

SHIVPURI में झाड़ियों में मिली 19 साल के अरविंद की लाश: हत्या की आशंका में परिजनों ने किया चक्काजाम

swatantra shivpuri 54

शिवपुरी। जिले के नरवर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक अरविंद कुशवाहा की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में तनाव फैला दिया। मजदूरी के लिए घर से निकले अरविंद की सड़क किनारे झाड़ियों में लाश मिलने के बाद परिजनों ने इसे महज हादसा मानने से इनकार कर दिया। उनका आरोप है कि यह मामला दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या भी हो सकता है, जिसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।

जानकारी के मुताबिक, अरविंद कुशवाहा गुरुवार सुबह करीब 9 बजे घर से मजदूरी पर जाने के लिए निकला था। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना लाले कुशवाहा ने फोन पर दी, जिसके बाद वीरेंद्र कुशवाहा मौके पर पहुंचे और अरविंद को सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा पाया। इस हालत ने परिजनों के शक को और गहरा कर दिया।

गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने करेरा रोड पर लोधी माता मंदिर के पास, बालक दास आश्रम के नजदीक शव रखकर चक्का जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन से यातायात ठप हो गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिजनों की मांग थी कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और सच्चाई सामने लाई जाए।

सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे जाम खुलवाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है, लेकिन गांव में अब भी एक ही सवाल गूंज रहा है यह हादसा था या किसी साजिश की परतें छिपी हैं।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *