शादी समारोह से बुलाकर युवती से लॉज में RAPE: ब्लीडिंग होने पर युवती को तड़पता छोड़ भागे, 2 गिरफ्तार

शिवपुरी। खबर शहर के देहात थाना क्षेत्र से है। जहां एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ एक 20 वर्षीय युवती को शादी समारोह से बुलाकर उसके ही जान-पहचान के युवक ने लॉज में ले जाकर दुष्कर्म किया। अधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) होने के कारण युवती की हालत गंभीर हो गई, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, फिजिकल थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता मंगलवार रात अपनी माँ के साथ देहात थाना क्षेत्र स्थित अमन गार्डन में एक विवाह समारोह में शामिल होने गई थी। इसी दौरान मुड़ेनी निवासी गौरव रावत (21 वर्ष), जो युवती का परिचित था, उसने फोन कर उसे गार्डन के बाहर बुलाया। गौरव के साथ उसका दोस्त शिवम रावत भी बाइक लेकर खड़ा था।
आरोपी गौरव और शिवम युवती को बाइक पर बैठाकर पोहरी चौराहा स्थित मातृछाया लॉज ले गए। यहाँ गौरव ने युवती को एक कमरे में ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया, जबकि उसका साथी शिवम कमरे के बाहर पहरा देता रहा। इस दौरान युवती को अत्यधिक ब्लीडिंग होने लगी और वह दर्द से तड़पने लगी। हालत बिगड़ते देख आरोपी घबरा गए और पीड़िता को वापस अमन गार्डन के पास छोड़कर मौके से फरार हो गए।
जब परिजनों ने युवती की बिगड़ती हालत देखी, तो वे उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज ले गए। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दुष्कर्म की पुष्टि की और तत्काल पुलिस को सूचना दी। रात करीब 3:30 बजे पुलिस अस्पताल पहुँची और पीड़िता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित की गई। देहात थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि मुख्य आरोपी गौरव रावत के खिलाफ दुष्कर्म और शिवम रावत के खिलाफ सह-आरोपी के तौर पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घेराबंदी कर गुरुवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इनका कहना है।
मेडिकल कॉलेज से मिली सूचना के बाद हमने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। घटना में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
विकास यादव, थाना प्रभारी, देहात
