MPPSC प्रीलिम्स 2026: 26 अप्रैल को 8 केंद्रों पर परीक्षा, सख्त नियमों के बीच दो शिफ्ट में मुकाबला

शिवपुरी। मध्यप्रदेश राज्य एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 का आयोजन 26 अप्रैल (रविवार) को जिला मुख्यालय पर दो सत्रों में किया जाएगा। पहला सत्र सुबह 10 से 12 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2:15 से 4:15 बजे तक रहेगा। परीक्षा शहर के 8 निर्धारित केंद्रों पर आयोजित होगी, जिनमें शासकीय कन्या उमावि आदर्श नगर (पुरानी शिवपुरी), महारानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स स्कूल कोर्ट रोड, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2, उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1, सरस्वती विद्यापीठ फतेहपुर रोड, इंदिरा गांधी कन्या महाविद्यालय, हैप्पीडेज स्कूल कत्थामिल कॉलोनी और शासकीय माधवराव सिंधिया पीजी कॉलेज शामिल हैं।
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए सेवानिवृत्त आईएएस शेखर वर्मा को संभागीय पर्यवेक्षक बनाया गया है। अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला को प्रशासनिक ऑब्जर्वर और डिप्टी कलेक्टर मोतीलाल अहिरवार को परीक्षा प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्ट्रेट शिवपुरी में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है (फोन: 07492-233881), जहां से परीक्षा से जुड़ी हर गतिविधि की निगरानी होगी।
मोबाइल से लेकर जूते तक बैन, नियम तोड़े तो सीधी कार्रवाई
शिवपुरी। परीक्षा को पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए इस बार सख्त नियम लागू किए गए हैं। परीक्षा कक्ष में मोबाइल, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, घड़ी (डिजिटल व एनालॉग), पेनड्राइव सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। साथ ही पेंसिल, रबर, व्हाइटनर, बैग, नोट्स जैसी स्टेशनरी भी ले जाना मना है। बेल्ट, चश्मा, वॉलेट, टोपी, क्लचर जैसी एक्सेसरीज़ और यहां तक कि जूते-मोजे पहनकर प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। धार्मिक वस्तुओं की भी सख्त जांच होगी।
अनुचित साधनों के उपयोग पर सीधे प्रकरण दर्ज किया जाएगा। परीक्षा कक्ष में बातचीत, शोर या किसी भी तरह की गड़बड़ी पर कड़ी कार्रवाई तय है। यानी एक छोटी गलती भी भविष्य पर भारी पड़ सकती है।
एडमिट कार्ड अनिवार्य, काला पेन ही मान्य
परीक्षार्थियों को प्रवेश के लिए मूल ई-प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र (आधार, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस आदि) साथ लाना अनिवार्य है। केवल काले बॉल पेन से ही उत्तर भरने की अनुमति होगी। जिनके एडमिट कार्ड पर फोटो/हस्ताक्षर स्पष्ट नहीं हैं, उन्हें फोटो चिपकाकर प्रमाणित करना होगा और अतिरिक्त फोटो भी साथ रखना होगा।
साफ है नियमों में ढिलाई की कोई गुंजाइश नहीं। तैयारी के साथ-साथ सतर्कता भी जरूरी है, तभी परीक्षा का सफर बिना रुकावट पूरा होगा।
