1000591019

रिश्तों का कत्ल! शादी का कार्ड देने के बहाने आए बदमाशों ने पैर छुए, फिर बुजुर्ग महिला के सिर में मार दी गोली

1000591019

शिवपुरी। जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र के डेहरवारा गांव में बुधवार दोपहर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। तीन अज्ञात हमलावरों ने एक बुजुर्ग महिला की उसके घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी। हमलावर इतने शातिर थे कि उन्होंने पहले महिला के पैर छुए और जैसे ही वह आशीर्वाद देने के लिए झुकी, उनके सिर में गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

नातिन के सामने हुई वारदात, पैर छूकर की गद्दारी

​जानकारी के अनुसार, मृतिका रामसखी धाकड़ (65) अपनी नातिन राधिका के साथ घर पर थीं। दोपहर में एक बाइक पर तीन युवक आए और शादी का कार्ड देने के बहाने दरवाजा खुलवाया। राधिका ने बताया कि जैसे ही दादी बाहर आईं, एक युवक ने सम्मान दिखाते हुए उनके पैर छुए और अगले ही पल कट्टा निकालकर उनके सिर में गोली दाग दी। रामसखी की मौके पर ही मौत हो गई।

35 बीघा जमीन और सौतेले बेटों का विवाद

​मृतिका के भाई महेश धाकड़ ने हत्या का सीधा आरोप रामसखी के सौतेले बेटों पर लगाया है।

  • विवाद की वजह: मृतिका के पति लक्ष्मी नारायण के पास 35 बीघा जमीन थी। रामसखी अपने हिस्से की जमीन अपने बेटे मुनेश (जो उनके पहले पति से था) के नाम करना चाहती थीं।
  • विरोध: लक्ष्मी नारायण की पहली पत्नी के बेटे शिवराज, साहब सिंह और राम कृष्ण इस नामांतरण का कड़ा विरोध कर रहे थे।
  • पुरानी रंजिश: भाई का आरोप है कि जून में लक्ष्मी नारायण की मौत के बाद से ही सौतेले बेटों की नजर संपत्ति और जेवरात पर थी। जमीन हाथ से न निकल जाए, इसलिए साजिश रचकर भाड़े के हत्यारों से बहन की हत्या करवा दी गई।

इलाज के लिए गांव आया था बेटा

​रामसखी का बेटा मुनेश धाकड़ इंदौर में रहता है। वह अपनी मां के इलाज और जमीन के काम के लिए पिछले महीने ही गांव आया था। उसे अंदाजा भी नहीं था कि संपत्ति का यह लालच उसकी मां की जान ले लेगा।

पुलिस की कार्रवाई

​तेंदुआ थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में दबिश दे रही हैं। प्रारंभिक जांच में मामला जमीनी विवाद और पारिवारिक रंजिश का नजर आ रहा है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *